विकासनगर में शॉल बेच रहे 2 कश्मीरी लड़कों की पहचान पूछकर रॉड से पीटा

विकासनगर में शॉल बेच रहे 2 कश्मीरी लड़कों की पहचान पूछकर रॉड से पीटा

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में कश्मीर के 2 लड़कों पर जानलेवा हमला का मामला सामने आया है। दोनों को बुरी तरह पीटा गया है, जिसके बाद उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना बुधवार शाम को विकासनगर इलाके में घटी है। घायल कश्मीरी लड़कों की पहचान 18 वर्षीय दानिश और उसके नाबालिग रिश्तेदार के रूप में हुई है।
दोनों कश्मीरी देहरादून में शॉल बेचने का काम करते हैं। पुलिस ने अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है।

क्या है पूरा मामला?
दोनों कश्मीर के लड़के पहली बार उत्तराखंड में शॉल बेचने आए थे। वे बुधवार शाम को विकासनगर बाजार के डाक पत्थर रोड स्थित एक दुकान से कुछ सामान खरीद रहे थे।
तभी कुछ लोगों की भीड़ वहां पहुंच गई और उनका पहनावा देखकर नाम पूछा। लड़कों के नाम बताने पर उन्होंने दोनों को घेर लिया और नारेबाजी की।
लड़कों के विरोध जताने पर उनको लात-घूसे और लोहे की रॉड से पीटा गया, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए।

जम्मू-कश्मीर छात्र संगठन ने मुख्यमंत्री धामी से कार्रवाई की मांग की
घटना को लेकर जम्मू-कश्मीर छात्र संगठन ने नाराजगी जताई है और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
संगठन ने एक बयान में कहा कि लड़के का बायां हाथ टूट गया है और लोहे की रॉड से मारे जाने के बाद उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
संगठन ने कहा कि अपने परिवार का पेट पालने के लिए शॉल बेच रहे 18 साल के लड़के को इंसानियत नहीं, बल्कि नफरत मिली।

पुलिस ने की कार्यवाही

विकासनगर। विकासनगर क्षेत्र में कश्मीर के रहने वाले 02 युवकों का दुकान से सामान खरीदने को लेकर एक स्थानीय दुकानदार से कहासुनी तथा विवाद हो गया। उक्त विवाद के चलते दुकानदार द्वारा उक्त युवकों के साथ गाली-गलौच व मारपीट की गयी, जिसमें 01 युवक के सर पर चोट आई। उक्त दोनों युवक छुट्टियों में कश्मीर से अपने पिता, जो पौंटा साहिब में किराए पर रहते है तथा आस पास के क्षेत्र में फेरी लगाने का कार्य करते है, के पास आये थे तथा फेरी के काम मे उनकी सहायता कर रहे थे।

घटना में पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए पीडित व्यक्ति की शिकायत पर तत्काल घटना में शामिल व्यक्ति संजय यादव व एक अन्य के विरूद्ध कोतवाली विकासनगर पर मु0अ0सं0- 26/26 धारा: 117(2), 352 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया तथा घटना स्थल के निरीक्षण, प्राप्त साक्ष्यों व पीड़ित की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस द्वारा घटना में नामजद मुख्य अभियुक्त संजय यादव को हिरासत में लिया गया, जिसे मा0 न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जायेगा।

घटना की संवेदनशीलता के दृष्टिगत पुलिस द्वारा घटना के सभी पहलुओं पर गहनता से विवेचना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *