सुद्धोवाला जेल में 12 कैदियों के एचआईवी पॉजिटिव होने की पुष्टि
देहरादून स्थित सुद्धोवाला जेल में स्वास्थ्य विभाग और जेल प्रशासन की सतर्कता के बीच बड़ा मामला सामने आया है। अलग-अलग समय पर कराई गई चिकित्सकीय जांच में 12 कैदियों के एचआईवी पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। इनमें अधिकतर हाल ही में जेल में आए नए कैदी बताए जा रहे हैं।
जेल प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निगरानी तंत्र को और मजबूत कर दिया है। संक्रमित कैदियों का उपचार एआरटी सेंटर में जारी है और जेल मैनुअल के प्रावधानों के अनुसार उन्हें अन्य कैदियों के साथ ही रखा गया है, लेकिन विशेष निगरानी में।
जानकारी के मुताबिक सुद्धोवाला जेल में वर्तमान में करीब 900 कैदी हैं। इन कैदियों को 32 बैरकों में रखा जाता है। इस हिसाब से एक बैरक में 25 से 30 कैदी रह रहे हैं। कुल कैदियों में से जो कैदी एचआईवी पॉजिटिव हैं। उनका एआरटी सेंटर में उपचार चल रहा है। जेल डॉक्टर के अनुसार एचआईवी पॉजिटिव कैदियों को जेल मैनुअल का अनुपालन करते हुए रखा जा रहा है। इसके तहत उन कैदियों को अन्य कैदियों के साथ तो रखा जा रहा है, लेकिन उन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उनके खाने-पीने समेत तमाम गतिविधियों की निगरानी की जा रही है। इसके अलावा इन कैदियों के बाल और नाखून काटने की किटों को अलग किया गया है। जेल प्रशासन की ओर से यह निर्णय एचआईवी संक्रमण की रोकथाम के लिए लिया गया है। चिकित्सक के मुताबिक एचआईपी पीड़ित कैदियों की नियमित स्वास्थ्य जांच की जा रही है।
