देहरादून। हरियाणा से धोखाधडी तथा अन्य मामलों में वांछित चल रहे अभियुक्त सुनील कपूर द्वारा शनिवार को जनपद हरिद्वार में बस स्टैण्ड के पास हरियाणा पुलिस के उप निरीक्षक सुरेन्द्र को अभियुक्त की धरपकड के दौरान गोली मार दी थी।
उक्त घटना में उ0नि0 सुरेन्द्र के पेट व हाथ में 02 गोलियां लगी थी। जिसका वर्तमान में एम्स अस्पताल में उपचार चल रहा है। उक्त घटना के सम्बन्ध में जनपद हरिद्वार में अभियुक्त के विरूद्ध जानलेवा हमले की धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था।
घटना के बाद से ही हरिद्वार तथा जिंद पुलिस द्वारा अभियुक्त की तलाश की जा रही थी। तलाश के दौरान पुलिस टीम को अभियुक्त के देहरादून में अपने रिश्तेदार के घर लक्ष्मण चौक में छिपे होने की जानकारी प्राप्त हुई।
जिस पर हरिद्वार तथा जिंद पुलिस द्वारा देहरादून पुलिस से अभियुक्त के सम्भावित ठिकाने की जानकारी साझा की गई तथा देहरादून पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से जिदं पुलिस व हरिद्वार पुलिस के साथ अभियुक्त के लक्ष्मण चौक स्थित सम्भावित ठिकाने पर दबिश देते हुए घेराबंदी की गई।
घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त को सरेंडर करने के लिये कहा गया, पर अभियुक्त द्वारा आत्मघाती कदम उठाते हुए अपने पास रखी अपनी लाइसेन्सी रिवाल्वर सेे खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
