मोरा तारा ज्वेलर्स डकैती में वांछित 5000 रुपये का इनामी अभियुक्त पुलिस ने किया गिरफ्तार
ज्वालापुर-उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मोरा तारा ज्वेलर्स डकैती कांड में फरार रु 5000 के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार करने में कामयाबी प्राप्त की।
‘आगामी विधानसभा चुनाव 2022 के परिप्रेक्ष्य में पुराने मुकदमों में चल रहे वांछितों की गिरफ्तारी हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया जिस के क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर व सहायक पुलिस अधीक्षक/ क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ज्वालापुर महेशजोशी को तत्काल पुराने अभियोग में वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार करने हेतु निर्देशित किया गया।
इसी क्रम में कोतवाली ज्वालापुर में मोरा तारा ज्वेलर्स के यहां पड़ी डकैती में एक अभियुक्त 5 महीने से लगातार फरार चल रहा था इसकी गिरफ्तारी हेतु काफी प्रयास किया गया, लेकिन उक्त व्यक्ति गिरफ्तार नहीं हुआ इससे पूर्व उक्त डकैती में पुलिस द्वारा नौ अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था।इस वांछित अभियुक्त पर पुलिस उपमहानिरीक्षक गढ़वाल क्षेत्र द्वारा ₹5000 के इनाम की घोषणा की गई थी।वांछित के मिलने वाले स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी।25 जनवरी को मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि उक्त इनामी अभियुक्त अपने घर (बुलंदशहर) में देखा गया है। जिस पर तत्काल प्रभारी निरीक्षक महेश जोशी ने नितेश शर्मा वरिष्ठ उप निरीक्षक के सहयोग से उप निरीक्षक चौकी प्रभारी रेल प्रवीण रावत और कांस्टेबल प्रेम,महावीर और महेंद्र के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर टीम को बुलंदशहर रवाना किया।
‘पुलिस टीम द्वारा बुलंदशहर पुलिस के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए अभियुक्त के निवास स्थान पर दबिश दी गई जहां अभियुक्त विकास उर्फ हिमांशु पुत्र राजबहादुर गांव धूमरी जिला एटा (उत्तर प्रदेश) मौजूद मिला जिस को पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया।अभियुक्त पर जनवरी में गैंगस्टर अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई भी की जा चुकी है।
