सरकार जनता के द्वार” कार्यक्रम के तहत फलासी गांव में जनसमस्याओं का हुआ समाधान, ग्रामीणों में दिखा उत्साह
रूद्रप्रयाग। सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत रविवार को ग्राम फलासी में जनता दरबार कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उपजिलाधिकारी याक्षी अरोड़ा, जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली और जिला समाज कल्याण अधिकारी टी आर मलेठा ने संयुक्त रूप से ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही उनके समाधान के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए।
इस जनसुनवाई में ग्रामीणों ने बारिश से हुए नुकसान ,पीएमजीएसवाई सड़क की मरम्मत, तथा मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता जैसी समस्याएं उठाईं। उपजिलाधिकारी याक्षी अरोड़ा ने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे राशन कार्ड, समाज कल्याण की स्कीमें, मनरेगा के जॉब कार्ड और बजट डिमांड की प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित ग्रामीणों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई, जिससे ग्रामीणों में जागरूकता का नया संकल्प देखने को मिला।गांव में पहली बार जनपद स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति से ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने कहा कि यह पहली बार है जब इतने वरिष्ठ अधिकारी सीधे गांव आकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और उन्हें योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक कर रहे हैं।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
