घनसाली। बीते दिन बुधवार को समय करीब 17:35 बजे डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि घनसाली से आगे ग्राम पावली के पास एक मैक्स वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर पलट गया है, जिसमें कुछ सवारियों को चोटें आई हैं। सूचना प्राप्त होते ही थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया गया।
प्राथमिक जांच में ज्ञात हुआ कि मैक्स वाहन संख्या UK07TA/0169 सुबह लगभग 10 बिहारी मजदूरों को लेकर हुलानाखाल गया था, जहां मजदूरों द्वारा एक मकान का लिंटर डाला जा रहा था। कार्य पूर्ण करने के बाद सभी मजदूर वापस श्रीनगर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम पावली के पास वाहन के ब्रेक फेल हो गए। चालक द्वारा वाहन को पहाड़ी से टकराकर रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
दुर्घटना में दो मजदूरों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें पुलिस द्वारा तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से प्राथमिक उपचार हेतु पिलखी अस्पताल भिजवाया गया। अन्य सभी मजदूर सुरक्षित हैं।
पुलिस टीम द्वारा दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात व्यवस्था को शीघ्र सुचारू कराया गया। पुलिस की तत्परता एवं त्वरित कार्रवाई से मौके पर स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे किसी बड़ी जनहानि से बचाव हुआ।
जनपद टिहरी पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं सहायता हेतु सदैव तत्पर है।
