लक्सर।छह साल तक प्रेम संबंध बनाएं और निकाह के सपने दिखाए तथा जिंदगी भर साथ निभाने का वायदा किया। लेकिन जब निकाह करने की बारी आई तो प्रेमी के कदम पीछे हट गए। युवती का आरोप है कि प्रेमी अब किसी दूसरी युवती से निकाह करने की तैयारी कर रहा है। इसकी भनक लगते ही प्रेमिका ने मोर्चा खोल दिया। प्रेमी की बारात निकलने से पहले ही युवती सुल्तानपुर पुलिस चौकी पहुंच गई और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। उक्त मामला सुल्तानपुर चौकी क्षेत्र के एक गांव से जुड़ा है युवती के मुताबिक भिक्कमपुर चौकी क्षेत्र के गांव निवासी फैजान के साथ वर्ष 2020 से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच करीब छह साल से प्रेम संबंध थे। युवती का आरोप है कि युवक ने उससे निकाह करने का भरोसा दिया था। इसी भरोसे पर दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और युवक ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
युवती का कहना है कि पिछले तीन महीने से प्रेमी के व्यवहार में बदलाव आने लगा था।
वह निकाह की बात पर लगातार टालमटोल कर रहा था, जबकि दूसरी ओर उसे फोन कर मिलने के लिए बुलाता रहता था। युवती के अनुसार एक दिन पूर्व भी युवक ने उसे मिलने के लिए बुलाने की बात कही थी।
इसी बीच युवती को जानकारी मिली कि उसका प्रेमी 24 नवंबर को भगवानपुर क्षेत्र के एक गांव में दूसरी युवती के साथ निकाह करने जा रहा है। यह खबर सुनते ही युवती के होश उड़ गए। जिस युवक के साथ उसने छह साल तक जिंदगी बिताने के सपने देखे थे, वही अब किसी दूसरी युवती को अपनी दुल्हन बनाने की तैयारी में था।
इसके बाद युवती सीधे सुल्तानपुर पुलिस चौकी पहुंच गई और युवक पर निकाह का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाते हुए तहरीर सौंप दी। युवती अपनी मांग पर अड़ी है और प्रेमी से ही निकाह करने की बात कह रही है। बताया जा रहा है कि लोगों ने उसे समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन वह अपनी जिद पर कायम रही।
उधर, पुलिस ने मामले में युवक को पूछताछ के लिए चौकी बुलाया था, लेकिन वह खुद चौकी नहीं पहुंचा। बताया गया कि कुछ अन्य लोग चौकी पहुंचे। प्रेमी की बारात निकलने से ठीक पहले प्रेमिका के पुलिस चौकी पहुंचने से दोनों पक्षों में हलचल मची हुई है।
मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, मामले में आगे क्या कार्रवाई होगी, यह पुलिस की जांच और दोनों पक्षों के बयानों के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
सुल्तानपुर चौकी प्रभारी वीरेंद्र नेगी ने बताया कि युवती की ओर से तहरीर दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और शिकायत के आधार पर युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
