कार्तिक पूर्णिमा पर हरिद्वार में उमड़ा आस्था का महासैलाब, SSP नवनीत भुल्लर की अगुवाई में पुलिस ने संभाला मोर्चा – लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा के महापर्व पर मंगलवार को धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था का महासैलाब उमड़ पड़ा। ब्रह्म मुहूर्त से ही हर की पौड़ी, मालवीय घाट, कुशावर्त घाट, कनखल, दक्ष घाट सहित गंगा के सभी घाटों पर श्रद्धालुओं का तांता लग गया। लाखों श्रद्धालुओं ने हर-हर गंगे के जयकारों के साथ गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और दान-पुण्य किया।

कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर हरिद्वार पुलिस ने पहले से ही सुरक्षा का चाक-चौबंद बंदोबस्त कर रखा था। एसएसपी हरिद्वार नवनीत भुल्लर के निर्देशन में पूरे मेला क्षेत्र को कई जोन और सेक्टरों में बांटा गया था। हर जोन में वरिष्ठ अधिकारी की तैनाती की गई थी, ताकि भीड़ पर नजर रखी जा सके।

एसएसपी नवनीत भुल्लर के नेतृत्व में एसपी सिटी दीपक कुमार सुबह से ही मातहत पुलिस बल के साथ ग्राउंड जीरो पर डटे रहे। उन्होंने हर की पौड़ी, मालवीय घाट, कनखल, सुभाष घाट और अन्य प्रमुख घाटों का लगातार निरीक्षण किया। व्यवस्थाओं में कहीं भी कमी दिखी तो उसे तुरंत दुरुस्त कराया और ड्यूटी में नियुक्त जवानों का हौसला बढ़ाया।

घाटों से लेकर हाईवे तक मुस्तैद रही पुलिस

स्नान के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए घाटों पर जल पुलिस, गोताखोर और एसडीआरएफ की टीमें तैनात रही। गहरे पानी में जाने से श्रद्धालुओं को लगातार रोका जा रहा था। सीसीटीवी कैमरों से पूरे मेला क्षेत्र पर नजर रखी गई। कंट्रोल रूम से पल-पल की मॉनिटरिंग की जा रही थी।

वहीं, यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए हाईवे और शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस के जवान तैनात रहे। भारी वाहनों का रूट डायवर्ट किया गया था, ताकि श्रद्धालुओं को जाम का सामना न करना पड़े। पार्किंग की भी अलग से व्यवस्था की गई थी।

महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों का रखा विशेष ध्यान

एसएसपी नवनीत भुल्लर ने जवानों को सख्त निर्देश दिए थे कि स्नान के दौरान बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों का विशेष ध्यान रखा जाए। खोए हुए बच्चों और बुजुर्गों के लिए हेल्प डेस्क भी बनाई गई थी। पुलिस के जवान श्रद्धालुओं को लगातार घाटों की जानकारी और सुरक्षित स्नान के लिए जागरूक करते रहे।

सकुशल वापसी तक डटे रहे जवान

स्नान संपन्न होने के बाद भी पुलिस की ड्यूटी खत्म नहीं हुई। श्रद्धालुओं की सकुशल वापसी के लिए घाटों से लेकर हाईवे तक जवान मुस्तैद रहे। भीड़ को धीरे-धीरे और सुरक्षित तरीके से वापस भेजा गया। देर शाम तक पुलिस मेला क्षेत्र में डटी रही।

एसएसपी नवनीत भुल्लर, एसपी सिटी दीपक कुमार सहित पूरी पुलिस टीम की मुस्तैदी और बेहतर व्यवस्थाओं के चलते कार्तिक पूर्णिमा का स्नान पूरी तरह शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हुआ। किसी भी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। श्रद्धालुओं ने भी हरिद्वार पुलिस की व्यवस्थाओं की जमकर सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *