डॉ. विकास अग्रवाल ने गढ़ नगर मंडल में किया सघन जनसंपर्क, स्नातक मतदाताओं को जोड़ने का किया आह्वान

(कमल बंसल)

शामली। विधान परिषद के मेरठ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के आगामी चुनाव के दृष्टिगत भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे विशेष स्नातक मतदाता पंजीकरण महाअभियान ने अब तेज गति पकड़ ली है। इसी क्रम में भाजपा पश्चिम उत्तर प्रदेश के कर्मठ, जुझारू और संगठन के सच्चे सिपाही क्षेत्रीय महामंत्री डॉ. विकास अग्रवाल ने आज गढ़ नगर मंडल में पूरे दिन सघन डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया।

डॉ. विकास अग्रवाल ने अपने जनसंपर्क की शुरुआत मंडल के अत्यंत कर्मठ और ऊर्जावान व मंडल अध्यक्ष दीपक गौड़ के आवास से की। यहां उन्होंने बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर मतदाता पंजीकरण अभियान की समीक्षा की और प्रत्येक बूथ पर कम से कम 50 नए स्नातक मतदाता जोड़ने का लक्ष्य कार्यकर्ताओं को दिया। श्री दीपक गौड़ जी ने डॉ. अग्रवाल का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें आश्वस्त किया कि गढ़ नगर मंडल इस बार पूरे जिले में सबसे अधिक मतदाता बनाकर रिकॉर्ड बनाएगा।

विधायक हरेंद्र तेवतिया से की शिष्टाचार भेंट

इसके उपरांत डॉ. अग्रवाल ने क्षेत्र के लोकप्रिय, यशस्वी एवं जन-जन के चहेते विधायक हरेंद्र तेवतिया जी से उनके कार्यालय पर शिष्टाचार भेंट की। दोनों नेताओं के बीच स्नातक चुनाव की रणनीति, संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को लेकर लगभग एक घंटे तक गहन मंत्रणा हुई। विधायक ने डॉ. अग्रवाल के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि डॉ. विकास अग्रवाल जैसे समर्पित कार्यकर्ता ही पार्टी की असली पूंजी हैं।

शिक्षण संस्थानों में किया संपर्क

जनसंपर्क के अगले चरण में डॉ. अग्रवाल ने क्षेत्र के प्रतिष्ठित डी.एम. स्कूल तथा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में जाकर प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और प्रबंध समिति के सदस्यों से मुलाकात की। उन्होंने शिक्षकों को स्नातक मतदाता के महत्व को समझाया और उनसे आह्वान किया कि वे अपने संपर्क में आने वाले प्रत्येक स्नातक व्यक्ति को भी मतदाता सूची में जुड़वाएं।

अपने दौरे के दौरान डॉ. विकास अग्रवाल ने क्षेत्र के सम्मानित एवं वरिष्ठ नागरिकों महेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, भगवान दास, अनिल आर्य,ज्ञानेंद्र सिंह सहित सैकड़ों अधिवक्ताओं, व्यापारियों, शिक्षकों और युवाओं से आत्मीय मुलाकात की। सभी ने एक स्वर में डॉ. अग्रवाल के कार्य की प्रशंसा की और भाजपा को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर बात करते हुए डॉ. विकास अग्रवाल ने कहा –

भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। हमारे लिए पद नहीं, संगठन सर्वोपरि है। माननीय प्रदेश नेतृत्व ने मुझे जो जिम्मेदारी दी है, मैं उसे पूरी ईमानदारी से निभा रहा हूं। स्नातक मतदाता समाज का सबसे जागरूक और प्रबुद्ध वर्ग है। हमारा प्रयास है कि मेरठ खंड के हरेक जिलों के एक-एक स्नातक तक हम पहुंचें और उन्हें भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा से जोड़ें।”_

उन्होंने आगे कहा, “कुछ लोग भाजपा के बढ़ते जनसंपर्क से घबरा गए हैं और भ्रम फैला रहे हैं। मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि मैं पार्टी का एक अनुशासित सिपाही हूं। पार्टी जिसे भी प्रत्याशी बनाएगी, मैं उसके लिए तन-मन-धन से काम करूंगा।”

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की अंतिम तिथि से पहले अधिक से अधिक फॉर्म भरवाएं।

कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह

डॉ. विकास अग्रवाल के इस दौरे से गढ़ नगर मंडल के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *