देहरादून। आम आदमी पार्टी उत्तराखंड के प्रदेश प्रवक्ता विकास गर्ग ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा जारी किए गए सरकार के रिपोर्ट कार्ड को चुनावी प्रचार का दस्तावेज बताते हुए तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार ने बड़े-बड़े आंकड़े तो पेश कर दिए, लेकिन जमीन पर विकास कहीं दिखाई नहीं दे रहा है।
विकास गर्ग ने कहा कि सरकार खुद अपना रिपोर्ट कार्ड जारी करे तो वो रिपोर्ट कार्ड नहीं, प्रचार-पत्र होता है। रिपोर्ट कार्ड तो जनता बनाती है।
महिला सशक्तिकरण सिर्फ नारे
गर्ग ने कहा कि सरकार 3.5 लाख महिलाओं के लखपति दीदी बनने का दावा कर रही है, लेकिन गांवों में जाकर पूछिए कितनी महिलाओं की आमदनी सच में 1 लाख रुपये सालाना हुई है। स्वयं सहायता समूहों से जोड़ना उपलब्धि नहीं है, उन्हें स्थायी आमदनी देना उपलब्धि है। 30 प्रतिशत आरक्षण की बात करते हैं, लेकिन भर्तियां ही अटकी हुई हैं तो आरक्षण का फायदा किसे मिलेगा। बैणी-भुली योजना का तो अभी सिर्फ लक्ष्य बताया जा रहा है, लक्ष्य और हकीकत में बहुत फर्क है।
रोजगार के दावे सबसे बड़ा झूठ
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि 36 हजार सरकारी नौकरी का दावा किया गया, लेकिन उत्तराखंड का युवा आज भी पेपर लीक, भर्ती घोटाले और बेरोजगारी से परेशान है। अगर 36 हजार नौकरियां मिलीं तो फिर हर जिले में बेरोजगार युवाओं का आंदोलन क्यों हो रहा है। 1.1 लाख युवाओं को रोजगार से जोड़ने का दावा है, लेकिन कितनों को स्थायी नौकरी मिली और कितनों को ठेके पर काम मिला, ये सरकार नहीं बताती।
उन्होंने कहा कि 1,750 स्टार्टअप पंजीकृत हैं, लेकिन कितने चल रहे हैं और कितने बंद हो गए, इसका हिसाब नहीं है। पंजीकरण कराना उपलब्धि नहीं है, उन्हें जिंदा रखना उपलब्धि है।
3.57 लाख करोड़ के MoU कहां हैं?
गर्ग ने निवेश के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि 3.57 लाख करोड़ के समझौतों में से 1 लाख करोड़ धरातल पर उतारने का दावा किया जा रहा है। जरा बताइए वो फैक्ट्री कहां है, वो उद्योग कहां लगा है। देहरादून, हल्द्वानी, रुद्रपुर के बाहर जाकर देखिए, पहाड़ आज भी पलायन से खाली हो रहे हैं। अगर इतना निवेश आया तो पलायन क्यों नहीं रुका।
युवा और खेल – कागज पर 103 पदक
राष्ट्रीय खेलों में 103 पदक के लिए खिलाड़ियों को बधाई देते हुए गर्ग ने कहा कि क्या सरकार ने खिलाड़ियों को स्थायी नौकरी, अच्छा स्टेडियम और अच्छा कोच दिया। हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय अभी सिर्फ प्रक्रिया में है। प्रक्रिया कब पूरी होगी, चुनाव के बाद? 1,500 रुपये मासिक छात्रवृत्ति से खिलाड़ी का क्या होगा, एक खिलाड़ी के जूते भी नहीं आते 1,500 में। नकल विरोधी कानून तब आया जब कई भर्तियां पहले ही धांधली की भेंट चढ़ चुकी थीं।
किसान की योजना को अपनी उपलब्धि बता रही सरकार
किसानों को लेकर गर्ग ने कहा कि 8.06 लाख किसानों को 3 हजार करोड़ रुपये मिलने की बात की जा रही है, ये तो केंद्र की पीएम किसान निधि है, राज्य सरकार की उपलब्धि कैसे हो गई। किसान आज भी मंडी में अपनी फसल का सही दाम नहीं पा रहा, जंगली जानवरों से फसल नहीं बचा पा रहा, और पहाड़ का किसान खेती छोड़कर शहर भाग रहा है।
आखिर में गर्ग ने कहा -अगर विकास हुआ है तो अस्पतालों में डॉक्टर क्यों नहीं हैं, स्कूलों में शिक्षक क्यों नहीं हैं, सड़कों पर गड्ढे क्यों हैं, पहाड़ के गांव आज भी पानी, सड़क और स्वास्थ्य के लिए क्यों तरस रहे हैं। जनता को आंकड़े नहीं, हकीकत चाहिए।
