ऋषिकेश । भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को और मजबूत करने के लिए ‘विशेष गहन पुनर्निरीक्षण कार्यक्रम’ के तहत यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र का दायित्व राज्यमंत्री सुरेन्द्र मोघा को सौंपा है। पार्टी ने उन्हें इस विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया है।
नियुक्ति के बाद राज्यमंत्री सुरेन्द्र मोघा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है, उसे वे पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे।
सुरेन्द्र मोघा ने प्रतिबद्धता जताई कि यमकेश्वर विधानसभा में संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय और सशक्त बनाने का काम किया जाएगा। ‘विशेष गहन पुनर्निरीक्षण कार्यक्रम’ के माध्यम से कार्यकर्ताओं से संवाद कर, संगठनात्मक ढांचे को मजबूत किया जाएगा, ताकि आगामी चुनौतियों के लिए पार्टी पूरी तरह तैयार रहे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और यमकेश्वर क्षेत्र को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
पार्टी के इस निर्णय से यमकेश्वर के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। माना जा रहा है कि राज्यमंत्री के अनुभव और जमीनी पकड़ से क्षेत्र में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।
बीजेपी ने ‘विशेष गहन पुनर्निरीक्षण कार्यक्रम’ के तहत यमकेश्वर विधानसभा का प्रभारी,राज्यमंत्री सुरेन्द्र मोघा को बनाया। जिम्मेदारी मिलने पर उन्होंने CM धामी व प्रदेश नेतृत्व का आभार जताते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया।
