उत्तरकाशी के पंवाणी गांव में भीषण अग्निकांड: 30 लकड़ी के मकान और मंदिर जलकर राख, 7 सिलेंडर फटने से भड़की आग – DM प्रशांत आर्य ने संभाली कमान
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले के मोरी विकासखंड स्थित हरकीदून घाटी के पंवाणी गांव में मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे भीषण अग्निकांड हो गया। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और करीब 30 लकड़ी के आवासीय मकान और गांव का एक मंदिर जलकर राख हो गए।
गांव के ज्यादातर मकान लकड़ी के बने होने के कारण आग बेहद तेजी से फैली। आग लगने के दौरान घरों में रखे करीब 5 से 7 रसोई गैस सिलेंडरों में विस्फोट हो गया, जिससे लपटें और भड़क गईं और आसपास के दर्जनों घरों को अपनी चपेट में ले लिया।
इस आग में करीब 30 परिवारों के घर पूरी तरह जल गए हैं, जिससे ग्रामीणों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत या घायल होने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मोरी तहसील मुख्यालय से गांव करीब 40 से 50 किलोमीटर दूर है। दुर्गम पहाड़ी रास्ता और गांव में खराब मोबाइल नेटवर्क होने के कारण दमकल और बचाव टीमों को मौके पर पहुंचने में काफी कठिनाई हुई। शुरुआत में ग्रामीणों ने ही अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व और अग्निशमन विभाग की टीमें राहत सामग्री के साथ रवाना की गईं।
प्रशासन एक्शन मोड में, DM ने दिए ये निर्देश
घटना के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य खुद पल-पल की जानकारी ले रहे हैं और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दे रहे हैं।
उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को सभी रेखीय विभागों और संबंधित ब्लॉक के अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में लगाने के निर्देश दिए हैं।
पीड़ित परिवारों के लिए घटनास्थल पर कम्युनिटी किचन संचालित करने के लिए जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी को भोजन की समस्या न हो।
मुख्य चिकित्साधिकारी को चिकित्सा टीमें मौके पर तैनात रखने और पर्याप्त संख्या में महिला चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को पशु चिकित्सकों की टीमें मौके पर और अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पशुधन का भी समय पर उपचार हो सके।
इसके साथ ही सभी प्रभावित परिवारों के लिए आवास, पेयजल, कंबल व अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र उपलब्ध कराने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए अधिकारियों को सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, तत्काल आवश्यक राहत सामग्री देने और नुकसान का आकलन कर मुआवजा वितरित करने के निर्देश दिए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए त्वरित राहत की मांग की है।
आम आदमी पार्टी उत्तराखंड के प्रदेश प्रवक्ता विकास गर्ग ने घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए त्वरित राहत की मांग की है।
