शामली। पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक शामली सुमित शुक्ला के मार्गदर्शन में जनपद शामली में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से “No Helmet No Fuel” अभियान के अंतर्गत विशेष प्रवर्तन एवं जागरूकता अभियान निरंतर चलाया जा रहा है।
यातायात पुलिस एवं स्थानीय पुलिस द्वारा जनपद के प्रमुख चौराहों, बाजारों, पेट्रोल पम्पों एवं सार्वजनिक स्थलों पर वाहन चालकों को जागरूक किया गया। इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने के संबंध में जागरूक किया गया।
पुलिस टीमों द्वारा पेट्रोल पम्प संचालकों एवं वाहन चालकों को “No Helmet No Fuel” अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराते हुए बताया गया कि हेलमेट केवल कानूनी अनिवार्यता ही नहीं, बल्कि जीवन सुरक्षा का सबसे महत्वपूर्ण साधन है। सड़क दुर्घटना की स्थिति में हेलमेट गंभीर चोटों एवं जनहानि को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत प्रभावी कार्यवाही भी की गई तथा लोगों को भविष्य में नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित किया गया।
अभियान के प्रमुख उद्देश्य
✅ सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना।
✅ हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग को बढ़ावा देना।
✅ यातायात नियमों के प्रति जनसामान्य में जागरूकता विकसित करना।
✅ सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना।
शामली पुलिस की अपील :
सड़क पर आपकी सुरक्षा आपके अपने हाथ में है। हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग प्रत्येक यात्रा में करें, यातायात नियमों का पालन करें तथा स्वयं और अपने परिवार को सुरक्षित रखें।
जनपद शामली पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता संबंधी अभियान भविष्य में भी निरंतर संचालित किए जाते रहेंगे।
